शाह बोले - केदारनाथ से कन्याकुमारी तक खदेड़े जाएंगे घुसपैठिए:हरिद्वार में 3 पाकिस्तानी शरणार्थियों को दी नागरिकता; E-0 FIR सिस्टम शुरू

Mar 7, 2026 - 16:45
 0  0
शाह बोले - केदारनाथ से कन्याकुमारी तक खदेड़े जाएंगे घुसपैठिए:हरिद्वार में 3 पाकिस्तानी शरणार्थियों को दी नागरिकता; E-0 FIR सिस्टम शुरू
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित राज्य सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवार रहे हैं। केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चुन-चुनकर भारत से बाहर निकालने का काम किया जाएगा। एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे शाह का देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान पर पहुंचे। यहां उन्होंने E-0 FIR प्रणाली की शुरुआत की और 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिसके बाद CAA के तहत 3 पाकिस्तानी और 1 अफगानिस्तानी शरणार्थी को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे। कार्यक्रम से जुड़ी PHOTOS… शाह ने कार्यक्रम में कही 5 बड़ी बातें… 1. घुसपैठियों पर सख्ती का ऐलान अमित शाह ने कहा कि देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चिन्हित कर भारत से बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। 2. 2027 में कुंभ के साथ फिर बनेगी भाजपा सरकार शाह ने कहा कि हरिद्वार का कुंभ पूरे भारत की आस्था का केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में कुंभ के साथ उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। 3. 1100 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की सौगात कार्यक्रम में 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। शाह ने कहा कि इससे राज्य के विकास को और गति मिलेगी। 4. CAA के तहत शरणार्थियों को नागरिकता शाह ने कार्यक्रम में 4 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों से आए हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता देना भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता है। 5. बिना सिफारिश मिल रही नौकरियां शाह ने कहा कि आज युवाओं को नौकरी पाने के लिए न पर्ची चाहिए और न ही खर्ची। पारदर्शी व्यवस्था के कारण युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार मिल रहा है। अमित शाह ने यह भी कहा अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए यहां के युवाओं ने लंबा संघर्ष किया था। उस समय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने आंदोलनकारियों पर दमन किया था। रामपुर तिराहा कांड को उत्तराखंड कभी नहीं भूल सकता। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण और महाकाल लोक जैसे कई ऐतिहासिक काम पूरे किए हैं। अंग्रेजों के समय के पुराने कानूनों को समाप्त कर नई भारतीय न्याय संहिताएं लागू की गई हैं। वर्ष 2028 तक इनका पूर्ण क्रियान्वयन हो जाएगा, जिससे न्याय प्रक्रिया तेज होगी। सीएम धामी ने कहीं 4 बड़ी बातें… 1. देश विकास और सुशासन की नई गाथा लिख रहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएं लिख रहा है। उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए भाजपा को दोबारा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का आशीर्वाद दिया। 2. धारा 370 हटाकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया है। साथ ही नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिलाया गया। 3. उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रहा निवेश और विकास मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए 3.56 लाख करोड़ रुपए के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें से 1 लाख करोड़ से ज्यादा जमीन पर उतर चुके हैं। 4. UCC लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। साथ ही घुसपैठ और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए ऑपरेशन कालनेमी और सत्यापन अभियान भी चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में क्या-क्या हुआ हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार की उपलब्धियों से जुड़ी प्रदर्शनी देखी। इस दौरान उन्होंने नई न्याय संहिताओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए भाजपा कार्यकर्ता, साधु-संत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंच पर सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत कई केंद्रीय और राज्य स्तर के नेता भी उपस्थित रहे। शाह के दौरे से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Admin तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला