पंजाब में लॉ छात्रा की हत्या कर सुसाइड किया,VIDEO:तरनतारन में छात्र ने क्लासरूम में घुसकर सिर में गोली मारी; खुद को भी शूट किया
पंजाब के तरनतारन स्थित लॉ कॉलेज में सोमवार को छात्र ने क्लासरूम में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने वहीं पर खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मृतक छात्रा संदीप कौर (20) है, वह लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। वहीं आरोपी छात्र तरनतारन का प्रिंसराज सिंह है, वह भी छात्रा के साथ पढ़ता था। पुलिस ने लॉ कॉलेज को सील कर दिया है, साथ ही हत्या के कारणों की जांच कर रही है। वहीं लड़की की मां ने आरोप लगाया कि कॉलेज से उन्हें कहा गया कि छोटा सा झगड़ा हुआ और उनकी बेटी को चोट लगी है। वह कॉलेज पहुंचे तो बेटी मरी पड़ी थी। पुलिस जांच के मुताबिक मामला एकतरफा प्यार का है। लड़की की सगाई हो चुकी थी लेकिन लड़का उस पर दबाव डाल रहा था। पुलिस को ये भी शक है कि युवक ने वेलेंटाइन वीक में 8 फरवरी को छात्रा को प्रपोज किया था लेकिन उसने इनकार कर दिया। जब छात्रा राजी नहीं हुई तो छात्र ने ये कदम उठाया। घटना के बाद की 2 PHOTOS… जानिए, भरे क्लासरूम में छात्र ने छात्रा का कत्ल कैसे किया कत्ल से जुड़ा कॉलेज के क्लासरूम का CCTV फुटेज सामने आया है। सोमवार सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर क्लासरूम में सामान्य क्लास का माहौल है। तब क्लास में पढ़ाई स्टार्ट नहीं हुई थी। सभी स्टूडेंट क्लास में ही घूम रहे थे। इसी दौरान क्लासरूम की पिछली बैंच पर संदीप कौर अपनी सहेली के साथ बैठी होती है। उसी समय आरोपी लड़का भी वहां आकर पास में बैठ जाता है। वहां कुछ बात होती है। फिर थोड़ी देर में लड़का उठता है। वह अपने बैग में से पिस्टल निकालता है। इसके बाद वह छात्रा के सिर से पिस्टल सटाकर गोली मार देता है। गोली लगते ही छात्रा नीचे गिर पड़ती है। यह देख उसके साथ खड़ी सहेली भी हक्की-बक्की रह जाती है। वह संदीप कौर को संभालने के लिए झुकती, इससे पहले प्रिंसराज दोबारा पिस्टल लोड करता है और अपने सिर से सटाकर गोली मार देता है। इसके बाद वह भी नीचे गिर जाता है। इसके बाद दूसरी छात्रा ने संदीप कौर को उठाने की कोशिश की, लेकिन पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारने की वजह से उसका ब्रेन फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। यह देखकर वह बाहर की तरफ भागी और कॉलेज मैनेजमेंट को बताने के लिए पहुंची। इसी दौरान बाकी छात्र-छात्राएं भी वहां आ गईं। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मां बोली- मुझे फोन कर कहा, बेटी को चोट लगी, जल्दी आओ लड़की की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि बेटी संदीप कौर सुबह घर से अच्छे ढंग से तैयार होकर निकली थी। उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उसकी टीचर ने फोन कर कहा कि आपकी बेटी को बहुत चोट लगी है, जल्दी आओ। हरजिंदर कौर ने बताया- मैं कॉलेज आई तो देखा कि मेरी बेटी की मौत हो चुकी है। लड़की की बॉडी पूरी तरह खून से लथपथ थी। उसके सिर में गोली मारी गई है। हमें पता चला है कि तरनतारन का लड़का है, उसने गोली चलाई है। पिस्टल भी अंदर ही पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने हमें लाश के पास भी नहीं जाने दिया। मृतक छात्रा के पिता की मौत हो चुकी है। उसकी 6 बहने हैं और एक छोटा भाई है। कॉलेज में बच्चों की कोई सिक्योरिटी नहीं
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे पेरेंट्स ने कहा कि बच्चों की यहां कोई सिक्योरिटी ही नहीं है। किसी ने यह चेक नहीं किया कि छात्र पिस्टल लेकर अंदर आ रहा है। फिर मां को घर फोन कर कहा जाता है कि उनकी बेटी का छोटा सा झगड़ा हो गया है। लड़ाई में उसका सिर फट गया है। जब आकर चेक किया, तो लड़की को गोली लगी हुई थी। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि कॉलेज प्रबंधन पर कार्रवाई हो। हथियार कहां से आया, पुलिस जांच कर रही ACP जगबीर ने बताया कि लड़की बैंच पर बैठी थी। अभी क्लास शुरू नहीं हुई थी। गोली लगते ही लड़की की मौत हो गई। लड़के ने खुद को भी गोली मार ली, उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी युवक पिस्टल कहां से लाया। पुलिस यह भी चेक कर रही है कि कहीं उसके पिता के पास लाइसेंसी पिस्टल तो नहीं है। अगर ऐसा न हुआ तो फिर यह पिस्टल अवैध हो सकता है। इसके बारे में भी जांच की जा रही है। ******************* ये खबर भी पढ़ें: 3 सेकेंड में मर्डर और सुसाइड का VIDEO: तरनतारन लॉ कॉलेज में बैग में छुपाकर लाया पिस्टल, छात्रा को बहाने से पीछे बुलाया; जबरन शादी करना चाहता था तरनतारन के उस्मा लॉ कॉलेज में छात्रा का मर्डर कर सुसाइड करने वाला सिरफिरा युवक एकतरफा प्यार में फंसा हुआ था। वह लड़की संदीप कौर पर जबरन शादी का दबाव डाल रहा था। परिवार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि संदीप की पहले ही इंगेजमेंट हो चुकी थी। इस वजह से छात्रा ने स्पष्ट इनकार कर दिया था। उसने कहा था कि उसके पिता नहीं हैं। वह मरे हुए बाप की पगड़ी को दाग नहीं लगाना चाहती। वह वहीं शादी करेगी, जहां परिवार ने तय कर दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
Admin
तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला