6 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या:चाचा बोले- बहनों संग खेल रही थी,दरिंदा उठा ले गया; 4 घंटे बाद खून से लथपथ मिली
‘उसने मेरी बच्ची के साथ बड़ी दरिंदगी की। प्राइवेट पार्ट से इतना अधिक खून निकला कि पूरा शरीर लथपथ था। वो तो अपनी बहनों के साथ खेल रही थी। वह दरिंदा पता नहीं कहां से आया और उसे उठा ले गया। दरिंदगी करके लाश यहां फेंक दी। उसे फांसी की सजा हो। इससे कम हमें मंजूर नहीं।’ यह दर्द है दरभंगा में रहने उस चाचा का, जिनकी 6 साल की भतीजी की रेप के बाद हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद रविवार को दरभंगा में आगजनी और पुलिस-पब्लिक के बीच झड़प हुई। बच्ची के साथ किस हालत में यह घटना घटी? आरोपी कौन है? लोग इतना आक्रोशित क्यों हुए कि आगजनी और पथराव तक कर दिया? उनकी क्या मांग है? इस सवालों का जवाब तलाशने भास्कर की टीम मौके पर पहुंचे। पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट…। सबसे पहले जानिए, किस हालत में मिली बच्ची हम मृतक बच्ची के माता-पिता से मिले। उनकी हालत बात करने लायक नहीं थी। पिता बदहवास थे, तो मां विलाप करते-करते बेहोश हो जा रही थी। घटना के बारे में हमने लड़की के चाचा से बात की। उन्हें लेकर उस तालाब के किनारे पहुंचे, जहां शनिवार देर रात बच्ची का शव मिला था। इसी जगह बच्ची शाम में खेल रही थी और आरोपी ने पकड़ लिया। आगे पढ़िए जैसा बच्ची के चाचा ने बताया… ‘घटना शनिवार शाम की है। मंदिर के पास स्थित इस तालाब के किनारे मेरी दोनों भतीजी (6 साल की मृतक बच्ची और उसकी 8 साल की बड़ी बहन) रोज खेलती थी। उसकी मां पास में ही काम करने जाती है। शनिवार शाम को यहां तीन लड़कियां खेल रहीं थीं। दो मेरी भतीजी और एक दूसरे परिवार की बच्ची।’ मृतक लड़की की बड़ी बहन ने अपनी मां को जो बताया उसका जिक्र करते हुए, उसके चाचा ने कहा, ‘शाम को करीब 7 बजे विकास महतो (आरोपी) आया। उसने तीनों लड़कियों को पकड़ने की कोशिश की। एक बच्ची भाग निकली। विकास ने मेरी दोनों भतीजी को पकड़ लिया। बड़ी वाली बच्ची किसी तरह हाथ छुड़ाकर भागी।’ उन्होंने कहा, ‘वह सीधा अपनी मां के पास गई और घटना के बारे में बताया। बच्ची आरोपी को चेहरे से पहचान रही थी, लेकिन नाम नहीं जानती थी। मेरी भाभी ने पहले खुद ही अपनी छोटी बेटी को खोजा। वह हर उस जगह गई, जहां मेरी भतीजी मिल सकती थी। आसपास आरोपी के कई घर हैं। रात के करीब 9:30 बजे भाभी ने हमलोगों को बताया कि छोटी बेटी नहीं मिल रही है। उसे कोई आदमी पकड़कर ले गया है।’ खून से लथपथ थी नन्ही सी जान, उसके साथ बड़ी बेरहमी हुई मृतक बच्ची के चाचा ने कहा, ‘जानकारी मिलते ही हमलोग भी खोजने लगे। काफी कोशिश के बाद नहीं मिली तो पुलिस को फोन किया। पुलिस अधिकारी आए। उन्होंने भी खोजा। रात करीब पौने बारह बजे बच्ची का शव मिला।' तालाब किनारे बनी दीवार की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ‘यह दीवार करीब 5 फीट ऊंची है। इसके दूसरी तरफ बच्ची मिली थी। उसके साथ बड़ी बेरहमी हुई। प्राइवेट पार्ट से इतना अधिक खून निकला कि उसका शरीर पूरी तरह लथपथ था।’ आरोपी ने की 3 शादी, तीनों पत्नियों ने छोड़ा, उसे फांसी मिले लड़की के चाचा ने कहा, ‘आरोपी नशेड़ी है। गांजा पीता रहता है। उसने तीन शादी की, तीनों पत्नियों ने उसे छोड़ दिया। वह अपनी मां के साथ रहता है। उसे फांसी की सजा होनी चाहिए।’ अब जानिए, लड़की की रेप और हत्या के बाद क्या हुआ? पुलिस ने शव को शनिवार रात पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। रात में ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार सुबह खबर जंगल के आग की तरह फैली। सैकड़ों आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गए। सुंदरपुर बेला मंदिर के पास दरभंगा मुख्य मार्ग जाम किया। सुबह करीब 9 बजे हम पहुंचे। देखा कि पुलिस और पब्लिक के बीच झड़प हो रही है। पहले पुलिस के जवानों की संख्या कम थी। स्थानीय लोग उनपर भारी पड़े। पथराव में एसडीएम समेत कई पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। करीब 10-12 थानों की पुलिस और दंगा नियंत्रण दल के जवान मौके पर पहुंचे। कई घंटों की मशक्कत के बाद करीब एक बजे स्थिति पर काबू पाया गया, इसके बाद माहौल शांत हुआ। इस दौरान पुलिस ने लाठी चलाई। जवान पिस्टल हाथ में लिए सड़क पर दौड़ते नजर आए। उग्र लोगों ने आरोपी के घर पर किया हमला, ऑटो जलाया घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर हमला किया। उसके परिवार से जुड़े लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। शनिवार रात से आरोपी के परिवार के लोग घर छोड़कर फरार थे। सबसे पहले हम आरोपी के बड़े भाई के घर पहुंचे। देखा कि यहां तोड़फोड़ की गई है। लोगों ने उसका ऑटो जला दिया था। बिजली का मीटर तोड़कर जमीन पर फेंक दिया था। घर के अंदर भी तोड़फोड़ की गई थी। इसके बाद हम उस झोपड़ी को देखने पहुंचे, जहां आरोपी अपनी मां के साथ रहता था। यहां भी तोड़फोड़ की गई थी। आरोपी ने पहले भी दो बच्चियों के साथ की दरिंदगी स्थानीय लोगों ने मृतक बच्ची की आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला। इस मार्च में शामिल एक महिला ने बताया कि वह बच्ची मेरे पड़ोस में रहती थी। आरोपी ने पहले भी दो बच्चियों के साथ दरिंदगी की थी। महिला ने कहा, ‘उसने गलत काम कर लाश पोखर में फेंक दिया था। 2015 में इसी पोखर में (जिसके किनारे शुक्रवार रात बच्ची का शव मिला) एक बच्ची की लाश मिली थी। उस समय मामला दब गया था। शव की स्थिति खराब थी।’ कातिल को हमारे हवाले कीजिए, उसे जिंदा जलाएंगे कैंडल मार्च में शामिल एक महिला ने कहा, ‘हमलोगों की मांग है कि कातिल को फांसी की सजा मिले। उसने इतना घिनौना काम किया है। उसे जनता के हवाले किया जाए। जनता उसको कड़ी सजा देगी। या तो उसको फांसी देगी, या आग लगाएगी या उसका प्राइवेट पार्ट काटकर जिंदा छोड़ देंगे।’ हंगामा करने के आरोप में 6 युवक गिरफ्तार रेप-मर्डर को लेकर लोगों के उग्र प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया। विश्वविद्यालय SHO सुधीर कुमार के बयान पर पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर 30 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR की है।
देर रात पुलिस ने सुंदरपुर बेला इलाके में छापेमारी की और हंगामे के 6 आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया गया है। अब जानिए क्या कहते हैं अधिकारी DM कौशल कुमार ने कहा, ‘रात में बच्ची की डेड बॉडी मिली है। यह रेप एंड मर्डर का केस है। आरोपी को रात में ही अरेस्ट किया गया। इस तरह के गंभीर अपराध पर लोगों का गुस्सा स्वाभाविक है। हालांकि, स्थिति कंट्रोल में है। स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को जल्द सजा दिलाई जाएगी।’ SSP जगुनाथ रेड्डी ने कहा, 'हमने परिजनों से बात की। उनसे घटना को लेकर जानकारी ली। इसके बाद तुरंत FSL को सूचना दी। सबूत जुटाए गए। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। हमें पर्याप्त सबूत मिले हैं। FIR दर्ज हो गई है।’
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
Admin
तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला