तीन कर्मचारी सस्पेंड, आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू

Apr 11, 2026 - 08:59
 0  0
तीन कर्मचारी सस्पेंड, आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू
भास्कर न्यूज| अररिया जिलाधिकारी विनोद दूहन ने राजस्व विभाग में लापरवाही और अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए तीन राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। निलंबित कर्मचारियों में फारबिसगंज अंचल के विकास कुमार मंडल, राजेश कुमार शशि और नरपतगंज अंचल की रेणु कुमारी शामिल हैं। तीनों कर्मचारियों पर बिहार भूमि दाखिल-खारिज अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप है। इनके विरुद्ध बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई की गई है। फारबिसगंज अंचल की समीक्षा के दौरान विकास कुमार मंडल के लॉगिन में परिमार्जन प्लस और दाखिल-खारिज से जुड़े सैकड़ों मामले लंबित पाए गए। कुशमाहा हल्का के 104, पिपरा के 187 और जोगबनी के 45 मामलों के साथ ही कुशमाहा के 167 परिमार्जन प्लस और 200 दाखिल-खारिज के मामले पेंडिंग मिले। इस पर डीसीएलआर के माध्यम से सीओ फारबिसगंज ने कार्रवाई की अनुशंसा की थी। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नरपतगंज अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है। इसी तरह राजेश कुमार शशि के जिम्मे भी बड़ी संख्या में मामले लंबित पाए गए। नगर परिषद फारबिसगंज के 45 परिमार्जन प्लस, अन्य 129 परिमार्जन प्लस और 268 दाखिल-खारिज के मामले समय पर निष्पादित नहीं किए गए। सबसे गंभीर मामला नरपतगंज अंचल की राजस्व कर्मचारी रेणु कुमारी का सामने आया है। जांच में एक वीडियो क्लिप सामने आई, जिसमें सीओ के नाम पर अवैध राशि की मांग की जा रही थी। जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने रिकॉर्ड ऑफ राइट में गलत तरीके से परिमार्जन कर जमाबंदी कर दी है। रेणु पर आय से अधिक संपत्ति की होगी जांच कमिश्नर के निर्देश पर रेणु कुमारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की भी जांच शुरू कर दी गई है। डीएम ने एडीएम अनिल कुमार झा और एडीएम आपदा नवनील कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। यह आदेश 2 अप्रैल को जारी किया गया था और पिछले दो महीनों से इस मामले की जांच जारी थी। डीएम ने तीनों के खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Admin तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला