रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने वाले 4 आरोपी अरेस्ट:हरियाणा और मुंबई STF ने मिलकर दबोचे; लॉरेंस गैंग ने कहा था-अगली बार छाती पर लगेगी गोली

Feb 21, 2026 - 10:19
 0  0
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने वाले 4 आरोपी अरेस्ट:हरियाणा और मुंबई STF ने मिलकर दबोचे; लॉरेंस गैंग ने कहा था-अगली बार छाती पर लगेगी गोली
हरियाणा के झज्जर की बहादुरगढ़ एसटीएफ यूनिट ने मुंबई पुलिस के साथ मिलकर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के लिंक गैंगस्टर लॉरेंस से जुड़े हैं। रंगदारी के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले है, जिनमें तीन आगरा और एक नोएडा का निवासी है। आरोपी लॉरेंस गैंग के निर्देश पर फिल्मी हस्तियों को डराने के लिए उनके घरों पर फायरिंग करते थे, ताकि रंगदारी वसूली जा सके। इससे पहले इस मामले में मुंबई पुलिस ने 5 फरवरी को आरोपी आसाराम फसाले को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच के मुताबिक, आसाराम फसाले पिछले चार वर्षों से गैरेज मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था और लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ था। वह गैंग के मास्टरमाइंड शुभम लोंकर के निर्देश पर हथियारों की सप्लाई करता था। सभी आरोपी यूपी के आगरा और नोएडा के रहने वाले गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक यादव निवासी बहाबीजौली जिला आगरा, दीपक निवासी सेक्टर-45 सादरपुर नोएडा, सनी निवासी बहाबीजौली आगरा और सोनू निवासी बहाबीजौली आगरा के रूप में हुई है। बहादुरगढ़ एसटीएफ के प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों रितिक यादव, दीपक, सनी और सोनू पर फिलहाल एक-एक केस दर्ज है। सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, एमपीए की धारा 37(1), 37(2) तथा 3, 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानिए क्या है पूरा मामला? 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कम से कम पांच राउंड फायरिंग की गई, जिनमें से एक गोली इमारत में बनाई गई जिम के शीशे से जा टकराई थी। वहीं, हमले के बाद एक स्क्रीनशॉट भी वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि यह लॉरेंस गैंग ने करवाया है। यह स्क्रीनशॉट शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट की फेसबुक पोस्ट का है। हालांकि, भास्कर ऐप इसकी पुष्टि नहीं करता है। पोस्ट में लिखा था- अगली बार छाती पर गोली लगेगी इस पोस्ट में लिखा गया था, सभी भाइयों को आज जो ये मुंबई में (शेट्टी टावर) फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर, हरमन संधू हम लेते हैं। हमने इसको बहुत बार मैसेज लगाया कि हमारे काम में दखल ना दे, लेकिन इसको समझ में नहीं आया। इसको ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर इसने आगे फिर हमारी बात नहीं समझी और हमारी बात नहीं मानी, तो अब घर के बाहर नहीं, अंदर इसके बेडरूम में गोली चलेगी, इसकी छाती पर।" इसी पोस्ट में आगे लिखा था, "और आगे बॉलीवुड को चेतावनी है कि टाइम रहते सुधर जाओ, नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा। तुम्हारा बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल करेंगे। हमने जिन-जिन लोगों को फोन कर रखा है, या तो टाइम रहते लाइन पर आ जाओ, वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी। और जितने भी हमारे दुश्मन हैं, तैयार रहो, जल्दी ही मुलाकात होगी तुमसे। नोट- एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा लॉरेंस बिश्नोई गैंग।" कौन है शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई? शुभम लोंकर लॉरेंस गैंग का एक प्रमुख "की ऑपरेटिव" माना जाता है। शुभम एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या (अक्टूबर 2024) का मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता है। उसने फेसबुक पर उस हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी। वहीं, आरजू बिश्नोई को गैंग का एक सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जो सोशल मीडिया और धमकियों के जरिए गैंग की गतिविधियों को संचालित करने में मदद करता है। ----------------- ये खबर भी पढ़ें… रणवीर सिंह-रोहित शेट्टी को फिर मिली धमकी:लॉरेंस गैंग ने जिम्मेदारी ली, कहा- तुम्हारे परिवार के बारे में सारी जानकारी, संभल जाओ बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिली है। लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से यह धमकी दी गई है। इससे पहले रोहित शेट्टी के घर पर हुई पांच राउंड फायरिंग की घटना के बाद 10 फरवरी को रणवीर सिंह को पहली धमकी मिली थी। (पूरी खबर पढ़ें)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Admin तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला