फतेहपुर में होलिका दहन, आज मनेगा रंगोत्सव:इस बार तीसरे दिन खेली जा रही होली

Mar 4, 2026 - 09:56
 0  0
फतेहपुर में होलिका दहन, आज मनेगा रंगोत्सव:इस बार तीसरे दिन खेली जा रही होली
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बीती रात होलिका दहन के साथ ही रंगों का पर्व शुरू हो गया। आज बुधवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रंगोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस वर्ष होलिका दहन के दूसरे दिन के बजाय तीसरे दिन रंगों की होली खेली जा रही है, जिससे लोगों में कुछ असमंजस की स्थिति भी रही। शाम ढलते ही शहर में फिल्मी धुनों पर थिरकते हुरियारे, ढोल-नगाड़ों की थाप और उड़ते रंग-अबीर गुलाल का माहौल बन गया। पुजारियों ने मंत्रोच्चारण के साथ होलिका दहन संपन्न कराया। इसके तुरंत बाद हरे, नीले, पीले रंग और अबीर-गुलाल उड़ने लगे। ढोलक-मंजीरों की धुन पर फाग गीतों का दौर भी खूब चला। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। आज पूरे जिले में हुरियारों की टोलियां निकलेंगी, जो एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर गले मिलेंगी और पर्व का उल्लास मनाएंगी। जगह-जगह होली के गीत सुनाई देंगे और उत्सव का माहौल रहेगा। देखें 5 तस्वीरें… होली के त्योहार को लेकर बाजारों में भी खूब रौनक रही। किराना, मिठाई की दुकानों के साथ-साथ रंग, गुलाल और पिचकारी की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस बार हर्बल रंगों और गुलाल को अधिक पसंद किया गया। बच्चों ने अपनी मनपसंद पिचकारियां खरीदीं, वहीं मुखौटे और अन्य जरूरी सामानों की भी खूब खरीदारी हुई। होली के साथ गन्ने की परंपरा भी जुड़ी हुई है। लोग होलिका दहन के दौरान गेहूं की बालियों को भूनकर लाते हैं। आग की तपिश से बचने के लिए लोग गन्ने के पत्तों के साथ बालियों को बांधकर भूनते हैं। इस वर्ष गन्ने के दाम पिछले साल की तुलना में काफी बढ़े हुए हैं, जिससे लोग महंगे गन्ने खरीदने को मजबूर हैं। बाजारों में गन्ने के जोड़े 30 से 50 रुपए तक बिके, जबकि गेहूं की बाली और हरा चना 20 से 30 रुपए प्रति गड्डी में बेचा गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Admin तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला