नाले में मिला अधेड़ का शव, सनसनी

Feb 27, 2026 - 09:24
 0  0
नाले में मिला अधेड़ का शव, सनसनी
भास्कर न्यूज | मानपुर बुनियादगंज थाना क्षेत्र के संगत पर के पीछे स्थित हरी बगीचा मोहल्ले में गुरुवार सुबह नाले से एक अधेड़ का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से उठ रही दुर्गंध के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।जानकारी के अनुसार, सुबह मोहल्ले के लोगों को नाले से तेज बदबू महसूस हुई। पहले किसी मरे हुए जानवर की आशंका जताई गई, लेकिन पास जाकर देखने पर नाले में एक व्यक्ति का शव उपलाता हुआ दिखा। इसके बाद तुरंत बुनियादगंज थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। प्रथम दृष्टया शव चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक के शरीर पर लाल शॉल लिपटी हुई थी तथा गले में रुद्राक्ष और मोती की माला पाई गई। शव के पास से एक सिम कार्ड और कुछ कागजात बरामद हुए हैं। कागजात पर लिखे एक मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नंबर औरंगाबाद जिले के गोह क्षेत्र से संबंधित है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को 72 घंटे के लिए शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान नहीं होने की स्थिति में आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि बीते 25 दिनों में बुनियादगंज थाना क्षेत्र से यह दूसरा अज्ञात शव बरामद हुआ है। पूर्व में मिले शव की भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Admin तेज रफ्तार न्यूज देश का बोलबाला